श्रीगंगानगर , सितम्बर 22 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वार्ड नंबर 39 से जिस प्रत्याशी को टिकट देना उचित नहीं समझा, वही प्रत्याशी पुष्पाराज मंगलवार को भाजपा की ओर से नगर परिषद की उपसभापति चुनी गईं।

दरअसल पुष्पाराज को भाजपा ने पार्षद के लिये टिकट नहीं दिया। इस पर वह निर्दलीय के रूप में लड़ीं और भाजपा की निरिजा को पराजित करके पार्षद के रूप में चुनी गई। इसके बाद उपसभापति चुनाव के लिए उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।

उधर भाजपा की ओर से अमरजीतसिंह गिल ने भी नामांकन भरा था, लेकिन पार्टी नेताओं ने उनका नामांकन पत्र वापस करवा दिया। कांग्रेस की तरफ से जगदीश घोडेला और रामरतन ने नामांकन दाखिल किया। जगदीश का नामांकन भी वापस हो गया। नतीजा यह हुआ कि मैदान में सीधा मुकाबला पुष्पाराज और रामरतन के बीच रह गया। मतदान में पुष्पाराज को 41 मत मिले जबकि विरोधी उम्मीदवार रामरतन को 24 मत ही मिले।

सोमवार को हालांकि सभापति पद के चुनाव में भाजपा को महज एक मत के अंतर से जीत मिली थी। भाजपा प्रत्याशी अजय दावड़ा को 33 मत मिले और उनके प्रतिद्वंद्वी, भाजपा के बागी नेता संजय मूंदड़ा को 32 मत मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित