चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी ने संत गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में छह माह तक चलने वाले राज्यव्यापी कार्यक्रमों की घोषणा की है।
पार्टी के अनुसार, वाराणसी से 29 जुलाई को रवाना हुई संत गुरु रविदास की जन्मस्थली की पावन मिट्टी एक अगस्त को पंजाब पहुंचेगी, जहां उसका भव्य स्वागत किया जाएगा।
भाजपा पंजाब के प्रदेश महासचिव जगमोहन सिंह राजू ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि पावन मिट्टी का कलश एक अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे लालड़ू के निकट झरमड़ी गांव स्थित पैराडाइज रिजॉर्ट के पास पंजाब में प्रवेश करेगा। इसके बाद शोभायात्रा डेराबस्सी, जीरकपुर होते हुए सेक्टर-7 स्थित आर्य समाज मंदिर, चंडीगढ़ पहुंचेगी, जहां राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम से पंजाब के सभी जिलों के लिए कलश यात्राओं को रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो से छह अगस्त तक कलश यात्राएं जिला मुख्यालयों से गांव-गांव पहुंचेंगी और संत गुरु रविदास जी के समानता, भाईचारे, सामाजिक न्याय और बेगमपुरा के संदेश का प्रचार करेंगी। इसके बाद दो महीने तक स्कूलों, कॉलेजों और युवाओं के बीच विशेष जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। यह राष्ट्रीय अभियान 20 फरवरी को वाराणसी में समापन यात्रा के साथ संपन्न होगा।
जगमोहन सिंह राजू ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता, न्याय और भाईचारे के संदेश को पंजाब के प्रत्येक घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कियह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के विजन के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा इससे पहले श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह के 350वें प्रकाश पर्व और श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व पर भी राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। अब संत गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को जन-जन का अभियान बनाने का संकल्प लिया गया है।
राजू ने विश्वास जताया कि पंजाब के सभी वर्गों के लोग इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और संत गुरु रविदास जी के शांति, समानता, एकता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को पूरे प्रदेश में फैलाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित