वाराणसी , अक्टूबर 26 -- धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी काशी से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को 31 अक्टूबर को देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिल सकती है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने की योजना प्रस्तावित है।

दीपावली और छठ पर्व से पहले इस नई ट्रेन के संचालन की तैयारी की जा रही है। इससे खासकर पूर्वांचल के यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। ट्रेन के उद्घाटन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। लखनऊ और दिल्ली से रेलवे अधिकारियों के वाराणसी पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। आम यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग की व्यवस्था को लेकर भी मंथन चल रहा है।

प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार, स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर 27421/27422 निर्धारित किया गया है। वाराणसी से नई दिल्ली के लिए ट्रेन के रात 8.50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5.55 बजे पहुंचने का संभावित समय है। वहीं, नई दिल्ली से वाराणसी के लिए ट्रेन रात 9.40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6.45 बजे पहुंच सकती है।

16 कोच वाली इस स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस में 800 से अधिक यात्रियों के बैठने एवं सोने की सुविधा होने की संभावना है। उद्घाटन की तैयारियों के तहत ट्रेन को लोहता स्टेशन के पास स्थित वाशिंग पिट में खड़ा किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित