वाराणसी , मई 2 -- उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों से वाराणसी सेंट्रल जेल में अब ई-ऑफिस व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके शुरू होने से प्रशासनिक आदेश, सरकारी पत्राचार, बंदियों की रिहाई और शासन-प्रशासन से जुड़े अन्य जरूरी कार्य अब तेज गति से पूरे किए जा सकेंगे।
अब तक जेल प्रशासन को किसी भी सरकारी आदेश, पत्र या निर्देश के लिए डाक व्यवस्था अथवा कर्मचारियों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे कई बार आदेशों के पहुँचने और उन पर कार्रवाई होने में अनावश्यक विलंब होता था। विशेष रूप से बंदियों की रिहाई से जुड़े आदेश अब समय पर हो सकेंगे।
ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने के बाद सभी जरूरी आदेश, पत्र और निर्देश एक क्लिक पर उपलब्ध हो जाएंगे। अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से दस्तावेजों को तुरंत देख सकेंगे और उन पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी तथा कार्य प्रणाली अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
सेंट्रल जेल के अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्रा ने बताया कि इस जेल में ई-ऑफिस की शुरुआत हो गई है। ई-ऑफिस के माध्यम से अब किसी भी विभाग से प्राप्त आदेश तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुँच जाएंगे। इससे फाइलों के लंबित रहने की समस्या कम होगी और निर्णय प्रक्रिया तेज होगी। साथ ही जेल से शासन और अन्य विभागों को भेजे जाने वाले पत्राचार में भी अब देरी नहीं होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित