वाराणसी , जनवरी 14 -- वाराणसी में नगर निगम के सभागार में बुधवार को आयोजित एक समारोह में महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पतंग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया।
प्रधानमंत्री के 'खेलो इंडिया' अभियान के तहत गंगा की रेती पर आयोजित दो दिवसीय पतंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बनारस काइट क्लब के बंटी व शुभम को प्रथम पुरस्कार, फायर काइट क्लब के समीर को द्वितीय पुरस्कार तथा एयर लाइन्स काइट क्लब को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
महापौर ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 21 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त क्लब को 11 हजार रुपये का चेक पुरस्कार राशि के रूप में सौंपा।
समारोह के दौरान महापौर ने कहा कि काशी की इस पारंपरिक खेल संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की जाएगी।
इस अवसर पर रोहनियां विधानसभा के पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह 'औड़े' तथा पतंग प्रतियोगिता में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अजय शंकर तिवारी भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित