वाराणसी , फरवरी 26 -- वाराणसी के विकास को लेकर नगर निगम द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार शाम को कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक में शहर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 2533.33 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी गई है। इसमें नगर निगम का 2262.42 करोड़ रुपये तथा जलकल विभाग का 270.91 करोड़ रुपये शामिल है।
बजट में पहली बार पद्म पुरस्कार विजेताओं और सेवा बस्तियों (मलिन बस्तियों) के लिए विशेष धनराशि का प्रावधान किया गया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि काशी की कला और संस्कृति का मान बढ़ाने वाले पद्म पुरस्कार विजेताओं के सम्मान में नगर निगम ने बड़ी पहल की है। उनके आवास की गलियों को 'मॉडल गली' के रूप में विकसित करने के लिए बजट में 20 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। इन गलियों को कलात्मक स्वरूप देने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
शहर की सेवा बस्तियों में रहने वाले नागरिकों के जीवन-स्तर को सुधारने के लिए बजट में 30 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस राशि से इन क्षेत्रों में सीवर लाइन, शुद्ध पेयजल, आधुनिक स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जाल बिछाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित