वाराणसी , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में युवती को गोली मारने का मामला प्रकाश में आया है। दिलचस्प बात यह है कि शनिवार को हुई इस घटना के बाद तीन थानों की पुलिस रविवार को भी उलझी रही। मामला खुलने पर रविवार रात को युवती की माँ की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और युवती की स्थिति खतरे से बाहर है।
आरोप है कि गाजीपुर की हर्षिता राय अपने साथी शुभम राय के साथ होटल गई थीं। होटल के कमरे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और इसी दौरान शुभम राय ने गोली चला दी। इसके बाद आरोपी युवती को चुपके से लिफ्ट से नीचे ले आया और ऑटो से मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। अस्पताल प्रशासन की ओर से सिगरा थाने को इसकी सूचना दी गई। जांच के बाद पता चला कि युवती मंडुआडीह क्षेत्र में रहती हैं।
इसके बाद इसकी जानकारी मंडुआडीह पुलिस को दी गई। मंडुआडीह पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पता चला कि घटना कैंट थाना क्षेत्र में हुई है। इसके बाद कैंट पुलिस को सूचना दी गई। युवती की माँ की तहरीर मिलने पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित