वाराणसी , अक्टूबर 10 -- वाराणसी के रथयात्रा-महमूरगंज स्थित बनारस स्वर्ण कला केंद्र में शनिवार सुबह लगी भीषण आग पर दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू पा लिया। आग बुझाने के दौरान कुछ दमकलकर्मियों की उंगलियों में आंशिक चोटें आईं, लेकिन उपचार के बाद उन्होंने अभियान जारी रखा। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के भवनों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत के निर्देशन और अग्निशमन अधिकारी भेलूपुर के नेतृत्व में आग बुझाने का अभियान चलाया गया। शुक्रवार सुबह अग्निशमन विभाग के नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद भेलूपुर अग्निशमन केंद्र से दो और चेतगंज अग्निशमन केंद्र से तीन दमकल गाड़ियों को आवश्यक उपकरणों और कर्मचारियों के साथ मौके पर भेजा गया।

घटनास्थल पर कुछ शटर बंद होने के कारण दमकलकर्मियों को भीतर प्रवेश करने में कठिनाई हुई। इसके बाद चेतगंज से बहु-आपदा मोचन वाहन बुलाया गया और शटरों के ताले काटकर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया गया। भूतल पर लगी कृत्रिम छत और लकड़ी के सामान में आग फैल गई थी। वहां घड़ी की दुकान और सोने-चांदी के सामान का सुरक्षित कक्ष भी था। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।

इमारत के अंदर धुआं भरने और आग की गर्मी प्रथम तल तक पहुंचने के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई थी। प्रथम तल पर साड़ियों का प्रदर्शन कक्ष है। दमकलकर्मियों ने श्वास उपकरण पहनकर सीढ़ियों के सहारे ऊपर पहुंचकर कांच की दीवारें तोड़ीं और धुआं बाहर निकालने के साथ ही आग से प्रभावित हिस्सों को ठंडा किया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने दमकलकर्मियों की तत्परता और साहस की सराहना की। घटना की वजह और नुकसान पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित