वाराणसी , सितंबर 12 -- काशी की छवि धूमिल करने के प्रयास के आरोपों के बीच नगर निगम प्रशासन ने शिवाला, सरायनंदन और नगवा समेत कई वार्डों में मुख्य सीवर लाइनों की सफाई के दौरान बालू से भरी बोरियां, लकड़ी का बुरादा, पत्थर, प्लाई और प्लास्टिक की सामग्री मिलने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।

महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियों के निकट मौके का निरीक्षण किया। महापौर ने बताया कि शुक्रवार रात सीवर लाइन की सफाई के दौरान करीब 12 बोरी बालू बरामद हुई। उन्होंने कहा कि मुख्य सीवर लाइन जाम होने से आसपास की गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो हुआ, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई।

उन्होंने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें जलभराव वाले स्थानों पर लगातार काम कर रही हैं। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर नगर निगम को निशाना बनाकर भ्रामक फोटो और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। नगर निगम प्रशासन सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सामग्री सीवर में डालने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रहा है।

जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता (जोन-2) ने भेलूपुर थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने मुख्य सीवर लाइन को अवरुद्ध कर जलकल विभाग और शहर की छवि धूमिल करने की नीयत से यह कृत्य किया। नगर आयुक्त ने लोगों से सरकारी संपत्तियों से छेड़छाड़ की सूचना तत्काल नगर निगम को देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित