वाराणसी , अप्रैल 1 -- काशी में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, शौर्य और भारतीय सांस्कृतिक वैभव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 3 से 5 अप्रैल तक बरेका परिसर में आयोजित होने वाले "सम्राट विक्रमादित्य महा नाट्य मंचन" को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने व्यापक रणनीति तैयार की है।

मंगलवार को रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र कार्यालय में भाजपा जिला इकाई की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को एमएलसी अश्विनी त्यागी और गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल ने संबोधित किया।

अश्विनी त्यागी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस आयोजन को केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम न मानकर भारतीय गौरव और इतिहास से जोड़ने वाले जनांदोलन के रूप में लिया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति कर गांव-गांव से लोगों को बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारतीय शौर्य, पराक्रम और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत चित्र प्रस्तुत करेगा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इसका आयोजन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है, जिससे समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता स्वयं बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे और शिक्षा, व्यापार, किसान, युवा, महिला तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह महा नाट्य मंचन ऐतिहासिक और जनसहभागिता से परिपूर्ण बन सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित