वाराणसी , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। सारनाथ मार्ग पर ऑटो और पिकअप वैन की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि शिवपुर थाना क्षेत्र में खड़ी ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार से आए दूसरे ट्रक की जोरदार टक्कर में एक ट्रक चालक की मौत हो गई।

पहली घटना में पुराने पुल की ओर जा रही एक ऑटो तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वैन से टकरा गई। बताया जा रहा हैं कि पिकअप ने पुल से नीचे उतरते समय ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में निहाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय श्याम दुलारी को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

पुलिस ने पिकअप वैन चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दूसरी घटना हरिहरपुर रिंग रोड पर हुई। सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के राजीव चौरसिया के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित