वाराणसी , अप्रैल 16 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के निकट हैदराबाद गेट के पास स्कॉर्पियो सवार दो युवकों द्वारा एक युवती से अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चितईपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
गिरफ्तार युवक की पहचान सोनभद्र निवासी दीप नारायण सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर कार्रवाई की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती ने साहस का परिचय देते हुए दोनों युवकों का सामना किया। बताया जा रहा है कि अभद्र भाषा और अपशब्दों के बावजूद युवती पीछे नहीं हटी। इसी दौरान एक राहगीर ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने कहा है कि शेष आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित