वाराणसी , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मई 2017 से आठ सितंबर 2026 तक गंभीर बीमारी और आकस्मिक परिस्थितियों से प्रभावित 11,219 लाभार्थियों को 191 करोड़ 11 लाख 58 हजार 416 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
बुधवार को अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) विनय कुमार सिंह ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार और आकस्मिक परिस्थितियों में राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के तहत सहायता दी जाती है। उन्होंने बताया कि वाराणसी में उक्त अवधि में 11,219 लाभार्थियों के लिए 1,91,11,58,416 रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई।
उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी की स्थिति में उपचार का खर्च आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे मामलों में कोष से मिलने वाली सहायता से पात्र परिवारों को इलाज कराने में मदद मिलती है। कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग और ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों के अलावा आकस्मिक दुर्घटना और अन्य गंभीर परिस्थितियों में भी पात्र लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि पात्र जरूरतमंदों को सरकार की इस व्यवस्था का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से मिले। इसके लिए आवेदन, सत्यापन, संस्तुति और स्वीकृति की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
जैतपुरा निवासी एक बुनकर परिवार के सदस्य ने बताया कि उनके 54 वर्षीय पिता गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। आर्थिक सहायता मिलने से उनका उपचार संभव हो सका। वहीं पिंडरा तहसील के पुआरी कला निवासी ऑटो चालक अरविंद कुमार की पत्नी शिल्पी ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थीं। कोष से मिली सहायता से उनका ऑपरेशन कराया गया और अब उनकी स्थिति में सुधार बताया गया है।
भोजूबीर निवासी एक किसान की पत्नी कैंसर से पीड़ित थीं। परिवार ने शुरुआत में उधार लेकर उपचार कराया। बाद में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता मिलने पर इलाज जारी रखना संभव हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित