वाराणसी , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और पुलिस ने रविवार की भोर रामनगर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) के कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को मार गिराया।
बृजेश झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के लूटू गांव का निवासी था। उस पर झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख रुपये और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बृजेश अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा था। लंका मैदान के पास मुखबिर की सूचना पर एटीएस की टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि रुकने के बजाय बृजेश मोटरसाइकिल से कूद गया और पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित