वाराणसी , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में आदमपुर थाना क्षेत्र के ओंकलेश्वर (पठानी टोला) इलाके में मंगलवार को मुंबई आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) और एटीएस टीम के साथ स्थानीय पुलिस की टीम ने एक चिकित्सक के घर छापा मारा।
टीम ने लगभग आठ घंटे तक चिकित्सक और उनके परिजनों से लगातार पूछताछ की। पूछताछ के बाद एटीएस ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, प्रिंटर, नोटबुक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस कब्जे में ले लिए। साथ ही सभी के बैंक डिटेल्स की भी बारीकी से जाँच की गई।
सूत्रों के अनुसार, चिकित्सक और उनके परिजनों को 22 अप्रैल को मुंबई बुलाया गया है, जहाँ उनका बयान दर्ज किया जाएगा। पूरी कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने चिकित्सक के रिश्तेदारों का विस्तृत विवरण भी लिया।
बताया जा रहा है कि चिकित्सक घर पर ही अपना क्लिनिक चलाते हैं, जबकि उनके भाई साड़ी के कारोबारी है। चिकित्सक का एक बेटा नीट की तैयारी कर रहा है। मुंबई एटीएस की टीम मुख्य रूप से इसी बेटे की संदिग्ध गतिविधियों की जाँच के लिए काशी पहुंची थी।
सूत्रों का कहना है कि युवक के मोबाइल चैट और ग्रुप्स में कट्टरपंथी तथा जेहादी कंटेंट शेयर करने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा अन्य युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने के इनपुट भी एटीएस को प्राप्त हुए हैं।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि चिकित्सक का इलाके में अच्छा नाम है। उनका बेटा बाहर कम निकलता है और मोहल्ले के लोगों से भी कम संपर्क में रहता है।
पूरी कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस ने किसी को भी घर के अंदर जाने या बाहर निकलने नहीं दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित