वाराणसी , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के चौबेपुर थाने में महिला उपनिरीक्षक द्वारा एक महिला फरियादी को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संबंधित महिला पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है।

सारनाथ के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विनय कुमार द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि 16 जुलाई को चौबेपुर थाने में जनसुनवाई के दौरान पुलिस उपनिरीक्षक रोशनी सिंह द्वारा एक महिला को थप्पड़ मारने की सूचना मिली थी। मामले की जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पुलिस उपायुक्त (वरुणा) के निर्देश पर महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, निलंबित महिला उपनिरीक्षक चौबेपुर थाने में तैनात थीं। पीड़ित महिला परानापुर गांव की निवासी है और पारिवारिक भूमि विवाद के संबंध में पिछले कई दिनों से थाने के चक्कर लगा रही थी। गुरुवार को भी वह इसी मामले में थाने पहुंची थी, जहां उसके साथ यह घटना हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित