वाराणसी , फरवरी 21 -- दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को वाराणसी के जिला मुख्यालय पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला एवं महानगर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का पुतला भी फूंका।

भाजयुमो के जिला महामंत्री अमित पांडेय ने बताया कि राहुल गांधी के इशारे पर उनके कार्यकर्ताओं ने देश की छवि खराब करने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "जिन्ना के मुन्ना" के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन किया गया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इससे पहले भी विदेशों में जाकर देश की छवि खराब करते रहे हैं। उन्हें इतनी समझ भी नहीं कि जहां दुनिया भर के देश समिट में एकत्रित हुए हैं और भारत ने सकारात्मक छवि प्रस्तुत की है, वहां राहुल गांधी के कार्यकर्ताओं ने पहुंच कर भारत को बदनाम करने का प्रयास किया। नग्नता का प्रदर्शन कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित