वाराणसी , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में रामनगर थाना क्षेत्र के पंचवटी मैदान में रविवार को रामलीला के लिए लाया गया एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया। हाथी ने अपने महावत को पटककर घायल कर दिया और खंभे उखाड़ने के साथ छप्पर भी गिरा दिया। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीमें हाथी को काबू करने के प्रयास में जुटी रहीं।

हाथी के बेकाबू होने के कारण काशी की विश्वप्रसिद्ध रामनगर की रामलीला को रोकना पड़ा। एहतियात के तौर पर पंचवटी मैदान और आसपास की झाड़ियों की ओर जाने वाले रास्तों पर आवागमन बंद कर दिया गया। हाथी को नियंत्रित करने के लिए जनरेटर और प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेकाबू हाथी ने लोगों को दौड़ाया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और शहर के अन्य हिस्सों से पहुंचे लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को घटनास्थल से दूर रखने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हाथी को काबू करने के लिए बाहर से भी विशेषज्ञ टीमों को बुलाए जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि हाथी को आजमगढ़ से महावत लेकर आया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित