वाराणसी , सितंबर 24 -- सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत गुरुवार को कचहरी चौराहे के पास एक रेस्टोरेंट के अवैध निर्माण के खिलाफ वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई।

अधिकारियों के अनुसार, रेस्टोरेंट संचालक को निर्माण हटाने के लिए पहले ही नोटिस दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण और सामान नहीं हटाया गया। पुलिस सुरक्षा के बीच अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। कचहरी से संदहा चौराहे तक सड़क का चौड़ीकरण प्रस्तावित है।

सहायक पुलिस आयुक्त प्रज्ञा पाठक ने बताया कि कार्रवाई के मद्देनजर पुलिस लाइन चौराहा और कचहरी चौराहे पर यातायात डायवर्जन किया गया है। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक को काफी पहले नोटिस दिया गया था और कार्रवाई से पहले भी इसकी जानकारी दी गई थी।

वीडीए सूत्रों के अनुसार, जिन भवन स्वामियों को मुआवजे का भुगतान किया जा चुका है, उन्हीं के निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों ने स्पष्ट किया कि बिना नोटिस के किसी भी निर्माण के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित