वाराणसी , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने फैक्ट्री संचालक राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, देर रात सरायमोहन घाट के पास चेकिंग के दौरान राजू खान ने पुलिस पर गोली चलाई और भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।

पैगंबरपुर में गुरुवार शाम पटाखे बनाते समय हुए भीषण विस्फोट में तीन मंजिला मकान ध्वस्त हो गया था। हादसे में मकान मालिक राजू खान की पत्नी चांदनी और उसका बेटा आदिल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद से ही पुलिस राजू खान की तलाश कर रही थी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) राजेश पांडेय ने पुराना पुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनुज शुक्ला और संबंधित बीट के आरक्षी प्रकाशचंद्र यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका और अन्य पहलुओं की विभागीय जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस), आईबी, बम निरोधक दस्ते समेत पुलिस की विभिन्न टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस राजू खान के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित