वाराणसी , अक्टूबर 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सात अक्टूबर को रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में होने वाली जनसभा और वडनगर से वाराणसी पहुंच रही सेवा संकल्प बाइक यात्रा के स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी ने सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आसपास के गांवों में जनसंपर्क अभियान शुरू किया है।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संपर्क कर रहे हैं। जनसभा के स्वागत में क्षेत्र में सैकड़ों छोटी-बड़ी होर्डिंग लगाई जा रही हैं, जिनमें सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है।
उन्होंने बताया कि जगतपुर इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार को वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बैठक कर बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और पेयजल सहित अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। सभा स्थल को अलग-अलग ब्लॉक में विभाजित कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। वडनगर से आने वाले बाइक सेवा यात्रियों के लिए भी विशेष स्थान निर्धारित किया गया है।
महिलाओं, प्रबुद्ध वर्ग, मीडिया और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। सभी ब्लॉकों में पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित