वाराणसी , अप्रैल 24 -- वाराणसी शहर में चलाए जा रहे सप्ताहव्यापी महा-अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मैदागिन स्थित कोतवाली क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में व्याप्त गंदगी, जलजमाव और अतिक्रमण को देखकर महापौर ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। वहीं, पराड़कर भवन के पीछे नवनिर्मित शौचालय बंद मिलने पर महापौर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 5,000 रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया।
महापौर ने मैदागिन चौराहे पर संकटहरण महादेव मंदिर के सामने हुए जलजमाव को तत्काल साफ करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही कोतवाली चौकी के बगल में टाउनहॉल बाउंड्री से सटी सड़क को चौड़ा करने का निर्देश दिया गया। अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज के सामने नाली पर वाहनों के अतिक्रमण और नाली जाम होने की समस्या पर महापौर ने सख्त नाराजगी जताई और तत्काल अतिक्रमण हटवाने व सफाई के निर्देश दिए। कॉलेज के बगल में स्थित एक बिल्डिंग से संबंधित व्यक्ति को तत्काल नोटिस देकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित