वाराणसी , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित एक कॉलोनी में रहने वाली एक युवती ने एक युवक पर धर्म छिपाकर दोस्ती करने और संबंध बनाने के बाद विरोध करने पर धमकी देने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता एक ट्रैवल एजेंसी में कार्यरत है और किराए के मकान में रहती है। वह अक्सर शान सिंह उर्फ सऊद की दुकान से बिरयानी लेने जाती थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और युवक ने खुद को शान सिंह बताकर उससे दोस्ती कर ली। बाद में दोनों के बीच संबंध भी बन गए।

पीड़िता का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि शान सिंह का वास्तविक नाम सऊद है और उसके कई अन्य लड़कियों व महिलाओं से भी संबंध हैं। इस बात का विरोध करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे धमकियां दीं। जब उसने मिलने से इनकार कर दिया तो आरोपी अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और मारपीट की।

पुलिस के अनुसार शान सिंह उर्फ सऊद समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119(2), 115(2), 352, 351(3), 69 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 (संशोधन 2015) की धारा 3(1)(घ) सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित