वाराणसी , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण को लेकर सोमवार को एक बार फिर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से करीब 650 मीटर लंबे और बेहद संकरे दालमंडी मार्ग को लगभग 60 फीट (17.4 मीटर) चौड़ा किया जा रहा है। मार्ग के चौड़ीकरण के बाद शहर में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत पहले सीवर और पेयजल की पाइपलाइन तथा इसके बाद वाटर ड्रेनेज लाइन बिछाई जाएगी।

परियोजना के तहत 181 भवनों और कुछ धार्मिक स्थलों के हिस्सों को चिन्हित किया गया था। अधिकारियों के अनुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अब अंतिम चरण में है। पूर्व में की गई कार्रवाई के बाद अधिकांश मलबा भी हटा दिया गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के अनुसार प्रभावित भवनों के मालिकों को मुआवजा देने के बाद ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित