वाराणसी , मार्च 29 -- वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत रविवार को एक बार फिर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। यह कार्रवाई कई थानों की पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स और ड्रोन निगरानी के बीच की जा रही है। मौके पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद हैं। सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के अनुसार, क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही सीमित की गई है और पूरे इलाके पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 30 चिन्हित भवनों पर कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले पीडब्ल्यूडी की टीम ने मुनादी कर मकानों और दुकानों पर नोटिस भी चस्पा किए थे।
करीब 650 मीटर लंबे इस मार्ग को लगभग 17.5 मीटर तक चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। वर्तमान में सड़क संकरी होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। विभाग ने इस परियोजना के तहत 180 से अधिक भवनों को चिन्हित किया है।
मार्ग चौड़ीकरण के बाद स्थानीय निवासियों के साथ-साथ काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यातायात जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित