वाराणसी , अगस्त 1 -- वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में शुक्रवार देर रात अराजक तत्वों ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। नई प्रतिमा स्थापित कराने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया और अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से लगातार संवाद बनाए रखा।
सहायक पुलिस आयुक्त (सारनाथ) विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि राजकुमार भारती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित