वाराणसी , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की वाराणसी इकाई ने जीएसटी (राज्य) सेक्टर-6 की उपायुक्त श्रीमती अंबिका को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक कंपनी की जीएसटी संबंधी फाइल के निस्तारण के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी के फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न तथा कर निर्धारण (आकलन) से संबंधित फाइल के स्पष्टीकरण एवं निस्तारण के लिए उपायुक्त अंबिका द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर बुधवार को चेतगंज क्षेत्र स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते समय उपायुक्त अंबिका को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान थाना, वाराणसी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सतर्कता अधिष्ठान ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन नंबर 9454401866 अथवा 9454401222 पर की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित