वाराणसी , अक्टूबर 3 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौना गांव में पांच जुलाई को एक मामूली विवाद दो समुदायों के बीच संघर्ष में बदल गया था। इस मारपीट की घटना में कई लोग घायल हुए थे। घायलों में शामिल छोटू राजभर (45) की गुरुवार देर रात ट्रॉमा सेंटर में मृत्यु हो गई। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था।

चौबेपुर पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उसे गांव ले जाया जाएगा। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। गौरतलब है कि 5 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बूथ अध्यक्ष संजय सिंह और गांव के ही भोला राजभर के बीच मवेशी और जमीन को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, भोला राजभर और घायल छोटू राजभर से मिलने पहुंचे। इस मामले में संजय सिंह और उनके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके बाद करणी सेना और क्षत्रिय महासभा के लोग संजय सिंह के समर्थन में सड़कों पर उतर आए। आठ जुलाई को भोला राजभर सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। दो दिन बाद पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और भाजपा के कई पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल संजय सिंह का हालचाल जाना।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित