वाराणसी , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित वीडीए कॉलोनी में मंगलवार तड़के एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मृतक के साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सहायक पुलिस आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर सूचना मिली कि बजरडीहा स्थित वीडीए कॉलोनी में दीपांशु राय नामक युवक अपने कमरे में चाकू लगने से मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि मृतक दीपांशु राय अपने साथी खुश पांडेय के साथ उसी कमरे में रहता था। पुलिस ने खुश पांडेय को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। हत्या किस कारण और किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना हैं कि खुश पांडेय अक्सर किन्नर बनकर घूमा करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित