वाराणसी , दिसंबर 16 -- वाराणसी जिले की सारनाथ पुलिस ने मंगलवार को कुख्यात अपराधी विजय सिंह उर्फ अजय सिंह को सिंहपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दुर्दांत अपराधी अजय उर्फ विजय बेहद शातिर किस्म का बदमाश है। उसके खिलाफ हत्या के कई मामलों सहित 25 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मई 2022 को लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर विजय शंकर सिंह को शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में अजय सिंह ने गोली मार दी थी। इस मामले में विजय शंकर ने अजय सिंह सहित छह से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
सितंबर 2007 को वाराणसी के पांडेयपुर में सरकारी चिकित्सक डॉ. डीपी सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें भी अजय सिंह को आरोपी बनाया गया था। इसके बाद 2012 में गाजीपुर के सैदपुर में सर्राफा कारोबारी भाइयों को गोली मारकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया गया था। अप्रैल 2013 में वाराणसी की कैंट पुलिस ने अजय को 9 एमएम पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। कुछ महीनों बाद ही वह जमानत पर छूट गया था। सितंबर 2022 में इसने चंदौली की अदालत में गैंगस्टर एक्ट के पुराने मामले में सरेंडर किया था। उस समय यह एक लाख रुपये का इनामी बदमाश था।
इसके बाद वह वाराणसी जिला कारागार में बंद था। जमानत पर छुटने के बाद वो एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देने में लगा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित