वाराणसी , जून 19 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पतित पाविनी गंगा नदी में खड़े होकर अनोखे अंदाज में मनाया।

इस अवसर पर भगवान परशुराम के प्रतीक स्वरूप तस्वीर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा में खड़े होकर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए दुग्धाभिषेक किया गया। तस्वीर में राहुल गांधी को शस्त्र और संविधान की पुस्तक लिए हुए दर्शाया गया था।

युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एवं अधिवक्ता विकास सिंह ने बताया कि मां गंगा की गोद में ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन पर बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां गंगा से उनकी दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार आम जनमानस की आवाज उठाते रहे हैं और आगे भी इसी प्रकार जनता की आवाज बुलंद करते रहें, यही उनकी प्रार्थना है।

भगवान परशुराम के प्रतीक स्वरूप वाली तस्वीर के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर श्री सिंह ने कहा, "यह हमारे नेता के प्रति हमारी भावनाओं की अभिव्यक्ति है। जिस प्रकार भगवान परशुराम ने धरती को अत्याचारियों और अधर्मियों से मुक्त कराया था, उसी प्रकार हम सत्ता में बैठे उन लोगों का विरोध करते हैं, जिन्हें हम लोकतंत्र और संविधान के विरुद्ध मानते हैं।"उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां गंगा से प्रार्थना करते हैं कि राहुल गांधी को असीम शक्ति और आशीर्वाद प्रदान करें, ताकि वह आम जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित