वाराणसी , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में अलग अलग घटनाओं में करंट लगने से तीन लोगों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुये कहा कि इन हादसों ने बिजली व्यवस्था की बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही ने एक बार फिर 'स्मार्ट सिटी' के दावों की पोल खोल दी है।
श्री राय ने मंगलवार को मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
चेतगंज थाना क्षेत्र के कालीमहल तिराहे पर करंट की चपेट में आने से त्रिलोकी मोदनवाल (50) की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर श्री राय पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहयोग करेगी।
वहीं, सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा (काजीपुर खुर्द) में बारावफात पर्व की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय अनस की मौत हो गई। बेटे को बचाने के लिए दौड़े उसके पिता सलीमउद्दीन उर्फ पप्पू (45) भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से पूरा इलाका शोक में डूब गया।
श्री राय ने सिगरा क्षेत्र में मृतक अनस और सलीमउद्दीन उर्फ पप्पू के परिजनों से भी मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में पार्टी की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने वाराणसी की विद्युत व्यवस्था और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर सरकार वाराणसी को 'स्मार्ट सिटी' और आधुनिक शहर बनाने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर शहर की सड़कों और गलियों में खुले एवं असुरक्षित विद्युत तार लोगों की जान ले रहे हैं। सवाल उठता है कि आखिर यह कैसी स्मार्ट सिटी है, जहां आम नागरिक को सड़क पर चलते समय भी करंट लगने का खतरा बना हुआ है।
डबल इंजन सरकार पर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है और प्रधानमंत्री स्वयं वाराणसी के सांसद हैं। इसके बावजूद यदि शहर की बुनियादी विद्युत व्यवस्था इतनी बदहाल है कि करंट उतरने से लगातार लोगों की जान जा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा। सिर्फ योजनाओं के नाम, बड़े-बड़े दावों और प्रचार से शहर स्मार्ट नहीं बनता। स्मार्ट सिटी का पहला आधार नागरिकों की सुरक्षा और मजबूत बुनियादी व्यवस्था है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि दोनों घटनाओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, हादसों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा सभी मृतकों के परिवारों को तत्काल उचित एवं न्यायसंगत आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए।
श्री राय ने कहा कि वाराणसी की विद्युत व्यवस्था की व्यापक जांच कराकर जर्जर तारों, खुले कनेक्शनों, बिजली के खंभों और अन्य खतरनाक स्थानों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी दर्दनाक त्रासदी का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित