वाराणसी , अप्रैल 16 -- वाराणसी में राजातालाब थाना क्षेत्र के जख्खिनी रोड स्थित एक कपड़ा गोदाम और कोल्ड ड्रिंक गोदाम में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले कोलकाता फैशन नामक कपड़ा दुकान व गोदाम में लगी, जो तेजी से फैलते हुए पास स्थित बाबू केसरी और संदीप केसरी के कोल्ड ड्रिंक गोदाम तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, फायर ब्रिगेड की टीम और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के समय कुछ लोग अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गोदाम का शटर बंद था। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख व्यापारी त्रिभुवन प्रसाद को सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचे और शटर खोला गया, तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी। फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित