वाराणसी , नवंबर 01 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में पुलिस ने आरक्षी अमित शुक्ला को गोली मारने की घटना में शामिल आरोपियों के ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने इस मामले में अमन कुमार मिश्रा और विमल कांत झा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन देसी पिस्टल, 143 जिंदा कारतूस, 24 खोखा कारतूस और असलहा निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 31 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना, सीडीआर, साइबर और सर्विलांस की मदद से आरोपितों का पता लगाया गया। पूछताछ में अमन मिश्रा ने अंजनी नंदन झा से संबंध और अवैध असलहों की सप्लाई में सहयोग करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर सामने घाट स्थित किराये के मकान में तलाशी ली गई। मुख्य अभियुक्त अंजनी झा को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने मौके से 19 अर्धनिर्मित असलहे और बैरल, छह मैगजीन, मशीनें, औजार तथा असलहा बनाने की अन्य सामग्री भी बरामद की। पुलिस के मुताबिक, विमल कांत झा ने अवैध असलहा निर्माण और बिक्री में सहयोग करने की बात स्वीकार की है।
दोनों आरोपितों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्त ने गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित