वाराणसी , जून 21 -- काशी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अनेक जगहों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुए। मां गंगा की गोद में बजड़े पर भी लोगों ने योगाभ्यास किया। काशी विद्यापीठ के मैदान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रवीन्द्र जायसवाल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। योगाभ्यास कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन प्रशिक्षित योगाभ्यासियों द्वारा मंच से किया गया।

प्रधानमंत्री के योग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी ने देखा। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में माननीय मंत्री ने योग के महत्व एवं योगाभ्यास के लाभों के बारे में बताया तथा योग को अपनी नित्य दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान भी किया। उक्त अवसर पर मुख्य अतिथि के साथ कुलपति काशी विद्यापीठ, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एवं आयुष विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।

इसी क्रम में नमो घाट पर मुख्य अतिथि माननीय विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन हुआ, जहां भारी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर माननीय विधायक एवं पूर्व मंत्री ने लोगों को भारत की सनातन विद्या योग तथा इसके अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक फायदों व महत्व के विषय में बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित