वाराणसी , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पूर्वी जोन) द्वारा शीर्ष एवं प्रदेश नेतृत्व की स्वीकृति के पश्चात् मंगलवार को महानगर युवा कांग्रेस, वाराणसी की नई कमेटी का औपचारिक गठन एवं घोषणा कर दी गई है।

पार्टीर् के राष्ट्रीय महासचिव/प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तथा राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी की स्वीकृति से राष्ट्रीय सचिव युवा कांग्रेस एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विवेक यावगल तथा प्रदेश अध्यक्ष युवा कांग्रेस विशाल सिंह के अनुमोदन पर यह 35 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।

प्रदेश नेतृत्व ने इस कमेटी को मंजूरी देते हुए उम्मीद जताई है कि नई टीम संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाएगी।

महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा के नेतृत्व में गठित इस कमेटी में युवाओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कमेटी में महानगर उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव एवं सोशल मीडिया प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल किए गए हैं, जिससे संगठनात्मक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।

शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह नई टीम भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएगी तथा युवाओं को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने पूरी नवगठित टीम को बधाई देते हुए कहा कि युवा कांग्रेस संगठन की रीढ़ है और इस नई कमेटी में ऊर्जा, अनुभव और समर्पण का बेहतरीन समन्वय देखने को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा के नेतृत्व में यह टीम वाराणसी में युवाओं को संगठित करते हुए पार्टी की नीतियों को मजबूती से जन-जन तक पहुंचाएगी और संगठन को नई दिशा व गति प्रदान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित