वाराणसी , जून 2 -- उत्तर प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने जा रही है। वृक्षारोपण अभियान-2026 के दौरान वाराणसी मंडल के चार जिलों में वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा।

वाराणसी वृत्त के वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह ने बताया कि इस महाभियान के तहत कुल 1.85 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें आमजन की सक्रिय सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में सबसे अधिक पौधरोपण का लक्ष्य चंदौली जनपद के लिए तय किया गया है, जहां 70 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। वहीं जौनपुर में 52 लाख से अधिक, गाजीपुर में 47 लाख से अधिक और वाराणसी में 15.51 लाख से अधिक पौधरोपण की योजना बनाई गई है।

डॉ. रवि कुमार सिंह के अनुसार अभियान की शुरुआत जुलाई के प्रथम सप्ताह से होगी। अभियान के तहत ऐसे पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी जो पर्यावरण संरक्षण, ऑक्सीजन की उपलब्धता और जैव विविधता को मजबूत करने में सहायक हों। इनमें सहजन, पीपल, पाकड़, बरगद, अर्जुन, जामुन, आंवला, अमरूद, आम, सागौन और शीशम जैसे महत्वपूर्ण पौधे शामिल हैं।

यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनेगा। सरकार का मानना है कि पौधरोपण केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार का विषय भी है। इसी कारण इस महाभियान में 28 विभागों को शामिल किया गया है, ताकि हर स्तर पर पौधरोपण और उनके संरक्षण को सुनिश्चित किया जा सके।

वाराणसी मंडल के चार जिलों में प्रस्तावित पौधरोपण कार्यक्रम में वाराणसी - 15,51,820, गाजीपुर - 47,51,287, जौनपुर - 52,77,524, चंदौली - 70,11,888 में पेड़ लगाए जाएंगे। इस अभियान में वाराणसी मंडल में वन विभाग 85 लाख से अधिक पौधे, ग्राम्य विकास विभाग 54 लाख से अधिक, कृषि विभाग 12.20 लाख, पर्यावरण विभाग 8.10 लाख, उद्यान विभाग 7.53 लाख और पंचायती राज विभाग 5.68 लाख पौधों का रोपण करेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, रेलवे, सिंचाई, आवास विकास, नगर विकास, उद्योग, ऊर्जा सहित कई अन्य विभाग भी इस महाभियान का हिस्सा बनेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित