वाराणसी , जुलाई 12 -- पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे राज्यव्यापी वृक्षारोपण महाअभियान के तहत वाराणसी नगर निगम ने रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर 1,17,200 पौधे रोपकर अपने निर्धारित लक्ष्य का शत-प्रतिशत हासिल किया।

प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में नगर निगम को 1.17 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य मिला था। अभियान से पहले ही सभी निर्धारित स्थलों पर गड्ढों की खुदाई पूरी कर ली गई थी और पहले ही दिन लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण कर दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मडुआडीह स्थित गणेश पोखरा पर पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ऋषि मांडवी तालाब और सारंग तालाब पर पौधरोपण किया, जबकि सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में पीपल, बरगद, पाकड़, गूलर, नीम, शीशम, जामुन, महुआ, आम, महोगनी, अर्जुन, चिलबिल, गुलमोहर, जकरांडा, कचनार और अमलतास सहित 101 प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद महापौर ने अंबालिकापुरी कॉलोनी स्थित पार्क में शीशम का पौधा रोपा।

नगर आयुक्त ने बताया कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए सभी स्थलों पर पूर्व तैयारी की गई थी। सूजाबाद-डोमरी क्षेत्र में 42,000 पौधे लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष 53,200 गड्ढे तैयार किए गए, जबकि सारंग तालाब (भीटा) में 35,000 पौधों के लिए समान संख्या में गड्ढों की खुदाई कराई गई। इसके अलावा नगर निगम के विभिन्न पार्कों में 4,000 पौधे लगाए गए तथा निगम सीमा के अंतर्गत कॉलोनियों, सड़कों के किनारे और राजमार्गों के दोनों ओर 25,000 पौधे ट्री-गार्ड की सुरक्षा के साथ रोपे जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत नगर निगम के सभी आठों जोनल कार्यालयों पर वृक्षारोपण भंडारे का आयोजन भी किया गया। इसके माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया गया। पहले दिन सभी जोनों में हजारों पौधे नि:शुल्क वितरित किए गए और निर्धारित सभी स्थलों पर 1,17,200 पौधों का रोपण कर नगर निगम ने अपना लक्ष्य पूरा कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित