वाराणसी , अक्टूबर 31 -- भारतीय रेलवे वाराणसी और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सेवा शुरू करने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को 4.00 बजे के आस पास वाराणसी के बनारस स्टेशन से इस नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन के परिचालन से दोनों शहरों के बीच रात्रिकालीन रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए तेज, आरामदायक एवं सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा।
बेहतर ऑन-बोर्ड सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों और आधुनिक स्लीपर आवास के साथ भारतीय रेलवे लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को अधिक आरामदायक, विश्वसनीय और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में काम कर रही है। वाराणसी देश के प्रमुख आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों में शामिल है। यहां पूरे वर्ष श्रद्धालुओं, देशी-विदेशी पर्यटकों, विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों का आवागमन बना रहता है। नई दिल्ली के साथ बेहतर रात्रिकालीन रेल संपर्क से धार्मिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक, प्रशासनिक और पर्यटन संबंधी कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी। इन स्टेशनों के माध्यम से महत्वपूर्ण शहरी केंद्रों के साथ आसपास के जिलों को भी बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा। रेलवे के अनुसार, ट्रेन वाराणसी से रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह नई दिल्ली से रात 9 बजकर 40 मिनट पर प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी।
मौजूदा शिव गंगा एक्सप्रेस की तुलना में वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से नई दिल्ली की यात्रा में 55 मिनट और नई दिल्ली से वाराणसी की यात्रा में 35 मिनट की बचत करेगी। इससे दोनों दिशाओं में यात्रियों को कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा। रात में यात्रा कर अगली सुबह गंतव्य पर पहुंचने की सुविधा से यात्रियों को अपने समय का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी। यह सेवा विशेष रूप से श्रद्धालुओं, पर्यटकों, विद्यार्थियों, कामकाजी लोगों और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच नियमित यात्रा करने वाले परिवारों के लिए उपयोगी होगी।
लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा प्रणालियों और यात्री सुविधाओं का समावेश किया गया है। ट्रेन का डिजाइन यात्रा के दौरान आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। इसमें सोने की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, सुगमता और यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।
प्रमुख विशेषताओं में ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के लिए रीजेनरेटिव ब्रेकिंग प्रणाली। डिब्बों के नीचे स्थापित प्रणोदन प्रणाली। उन्नत वायुगतिकीय डिजाइन, सहज गति और झटकों से मुक्त सफर।
आधुनिक डिजाइन और यात्री सुविधाएं में ऑस्टेनिटिक स्टेनलेस स्टील से निर्मित डिब्बे, जो EN 15227 दुर्घटना सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं। पूरी तरह सीलबंद लचीला गैंगवे, जिसमें त्वरित रिलीज की व्यवस्था है। केंद्रीय रूप से नियंत्रित एकल पल्ले वाले स्वचालित स्लाइडिंग प्लग दरवाजे। डिब्बों के भीतर शोर कम करने और ध्वनि अवरोध की विशेष व्यवस्था। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था। पर्याप्त सामान रखने की जगह के साथ आधुनिक यात्री सुविधाएं। तीन पिन वाले चार्जिंग सॉकेट और स्विच के साथ एकीकृत बीआरएल। टाइप-ए और टाइप-सी यूएसबी चार्जिंग पोर्ट। एक्सेस प्वाइंट नेटवर्क के साथ वाई-फाई राउटर।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित