जौनपुर , अगस्त 22 -- अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा के निर्देश पर पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में जोन पुलिस ने 25 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अभियान में चंदौली पुलिस ने सर्वाधिक 11 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर सबसे बड़ी सफलता हासिल की।
जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि वाराणसी जोन कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार 29 जुलाई से 20 अगस्त तक चलाए गए अभियान में कुल 25 पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी की गई। इनमें 50 हजार रुपये के इनामी सात, 25 हजार रुपये के 16 और 10 हजार रुपये के दो अपराधी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जनपदवार कार्रवाई में चंदौली में सर्वाधिक 11 इनामी अपराधी गिरफ्तार किए गए। मीरजापुर और भदोही में तीन-तीन तथा गाजीपुर, जौनपुर, सोनभद्र और आजमगढ़ में दो-दो पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अपराधी लूट, डकैती, हत्या, फिरौती के लिए अपहरण, अपहरण, गैंगस्टर एक्ट, गोवंश तस्करी, शराब और मादक पदार्थों की तस्करी तथा चोरी जैसे गंभीर अपराधों में वांछित थे।
जौनपुर में भी दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। मीरगंज थाना क्षेत्र में पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। चंदौली पुलिस ने अभियान के दौरान 11 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर जोन में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। अभियान की समीक्षा के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन ने पुलिस अधीक्षक चंदौली और उनकी टीम को विशेष बधाई दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुरस्कार घोषित और वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित