वाराणसी , सितंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को बाढ़ राहत शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को सुबह का नाश्ता और दोनों समय का भोजन हर हाल में समय से उपलब्ध कराया जाए। बच्चों के लिए दूध, फल समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने सरस्वती विद्या मंदिर, हुकुलगंज स्थित राहत शिविर में प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने दीप्ति कान्वेंट स्कूल, हुकुलगंज स्थित राहत शिविर में मेडिकल टीम के चिकित्सक से बाढ़ प्रभावितों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और 24 घंटे चिकित्सा टीम की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों, वृद्धजनों और गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल तथा उनके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

तुलसी निकेतन, हुकुलगंज और प्राथमिक विद्यालय, ढेलवरिया स्थित राहत शिविरों में उन्होंने प्रभावित लोगों और बच्चों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली तथा बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की। नवयुग विद्या मंदिर, ढेलवरिया स्थित राहत केंद्र में उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और रसोई में तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का जायजा लिया। उन्होंने भोजन साफ-सफाई के साथ तैयार करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना है। सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को राहत शिविरों में लगातार सक्रिय रहकर बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित