वाराणसी , जून 6 -- धार्मिक नगरी काशी में यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को वाराणसी जंक्शन के सामने तथा बस अड्डे के निकट एक नए पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन किया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस सहायता केंद्र की स्थापना का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा यात्रियों, नागरिकों और व्यापारियों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। वाराणसी जंक्शन और आसपास के क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, जिसके मद्देनजर यह सुविधा शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि सहायता केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र की लगातार निगरानी करेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करेंगे। यह केंद्र विशेष रूप से महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता तथा यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे यात्रियों को आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहयोग प्राप्त हो सकेगा।

पुलिस आयुक्त ने उद्घाटन के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखें तथा शिकायतों और समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस सहायता केंद्र के संचालन से अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में मदद मिलेगी। साथ ही वाराणसी आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर सुरक्षा एवं सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित