वाराणसी , अक्टूबर 23 -- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए रविवार को वाराणसी जिले के सभी 3300 मतदान स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक लगाए जाएंगे।

अपर आयुक्त (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि शिविर के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। वे एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत) तथा नो-मैपिंग वाले मतदाताओं की सूची के साथ मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन से संबंधित निर्धारित प्रपत्र प्राप्त करेंगे।

उन्होंने बताया कि शिविर के दिन जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा पर्यवेक्षकीय अधिकारी मतदान स्थलों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान किसी बूथ लेवल अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दिन जिले के सभी शिक्षण संस्थान, कार्यालय एवं अन्य संस्थान, जहां मतदान स्थल स्थापित हैं, खुले रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित