जयपुर , अक्टूबर 25 -- भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित 'विंग्स ओवर गेंजेस' एरियल डिस्प्ले का रविवार को जयपुर में जलमहल के सामने सीधा प्रसारण किया गया। इस भव्य एयर शो में राफेल, तेजस, सुखोई-30 एमकेआई, सी-130, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर और सूर्य किरण एरोबेटिक टीम सहित सौ से अधिक लड़ाकू विमानों ने अपने कलाबाजियों और क्षमताओं का प्रदर्शन किया।
वायुसेना स्टेशन जयपुर के अनुसार, सिविल प्रशासन और वायुसेना स्टेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय वायुसेना की ताकत को प्रदर्शित करना और राष्ट्र सुरक्षा में इसकी भूमिका के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना था।
वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे, जिसका जयपुर के जलमहल के सामने लाइव प्रसारण देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। इसके माध्यम से दर्शकों को वायुसेना की सटीकता, पेशेवर दक्षता और परिचालन उत्कृष्टता को नजदीक से देखने का अवसर मिला।
कार्यक्रम स्थल पर युवाओं को भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक विशेष पब्लिसिटी स्टॉल भी स्थापित की गई थी। यहां युवाओं ने पहुंचकर वायुसेना में भर्ती की पात्रता, प्रवेश प्रक्रियाओं और करियर के अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस दौरान युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने और वायुसेना के कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर, ड्राइंग बुक और पैम्फलेट जैसी प्रचार सामग्री का भी वितरण किया गया। इस आयोजन में आम जनता, विशेषकर युवाओं ने बेहद उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित