वाराणसी , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी शहर के पौराणिक जलस्रोतों के संरक्षण के तहत कुंडों के जलशोधन और सफाई के साथ उनके सुंदरीकरण का भी कार्य कराया जा रहा है।
इसी क्रम में पिशाचमोचन कुंड की सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वहां प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और स्वास्थ्य के लिए ओपन जिम स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को पिशाचमोचन कुंड, पितरकुंडा तालाब और रामकुंड तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने पिशाचमोचन कुंड परिसर में ओपन जिम स्थापित करने के साथ सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। रामकुंड परिसर में पूर्व में क्षतिग्रस्त हुई दीवार के स्थान पर मजबूत आरसीसी दीवार बनाने, रेलिंग की मरम्मत और पेंटिंग कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पितरकुंडा तालाब पर भव्य प्रवेश द्वार बनाने, रेलिंग लगाने और पेंटिंग कराने के साथ पूरे परिसर में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित