वाराणसी , जून 07 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी कुख्यात बदमाश एवं हिस्ट्रीशीटर अनिल यादव उर्फ पट्टी ने रविवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

अनिल यादव उर्फ पट्टी वाराणसी पुलिस के रिकॉर्ड में एक बेहद शातिर अपराधी के रूप में दर्ज था। उसके खिलाफ हत्या, लूट समेत विभिन्न संगीन धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज थे। पुलिस ने पूर्व में उसके सिर पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

मृतक के भाई संतोष यादव ने बताया कि अनिल जिला बदर था। कुछ दिनों पहले ही वह जिला बदरगी से लौटकर घर आया था। देर रात जब उसकी पत्नी छत पर गई तो अनिल के कमरे का दरवाजा बंद मिला। काफी खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला, तब परिवार ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो अनिल ने फांसी लगा ली थी। उसने ऐसा क्यों किया, किसी को कुछ पता नहीं चला।

बताया जा रहा है कि अनिल गाजीपुर निवासी विद्यापीठ के एक छात्र की सिद्धगिरीबाग में हुई हत्या के मामले में भी आरोपी था। लक्सा थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट नंबर 38ए दर्ज है।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित