वाराणसी , जुलाई 05 -- प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में आशा ट्रस्ट और लोक समिति द्वारा संचालित आशा ज्ञान पुस्तकालय से जुड़ी क्षेत्र की दो मेधावी छात्राओं ने आर्थिक अभावों के बावजूद उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
मेंहदीगंज निवासी गुड़िया का अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में बीएससी बायोलॉजी तथा परमानंदपुर निवासी मुस्कान का बीएससी केमिस्ट्री पाठ्यक्रम में शत प्रतिशत छात्रवृत्ति के साथ प्रवेश हुआ है।
दोनों छात्राओं को चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम की पढ़ाई के लिए प्रति छात्रा 21.20 लाख रुपये, अर्थात कुल 42.40 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
चयनित दोनों छात्राएं क्रमशः बुनकर मजदूर और किसान परिवार से हैं। उनकी इस उपलब्धि पर रविवार को लोक समिति पुस्तकालय भवन में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आशा ज्ञान पुस्तकालय के संयोजक पंचमुखी सिंह ने छात्राओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर, नागेपुर ग्राम प्रधान मुकेश कुमार, पंचायत सचिव सुरजीत गुप्ता तथा गंजारी के ग्राम प्रधान अमित कुमार ने उन्हें उपहार भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
नन्दलाल मास्टर ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी एवं प्रतिभावान छात्रों के लिए अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी राष्ट्रीय स्तर पर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित करती है। इसमें सफल होने वाले चुनिंदा छात्रों को ही शत प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि इन छात्राओं की सफलता में आशा ज्ञान पुस्तकालय के संयोजक पंचमुखी सिंह, अवनीश, सीएलई ट्रस्ट के राहुल पाण्डेय, शालिनी, सरिता, लीला बहन, सिद्धार्थ तथा अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी सहित कई स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
चयनित छात्राओं ने सहयोग के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली दोनों बेटियों को बधाई दी।
इस अवसर पर अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी, भोपाल के छात्र अनीष, सोनी, अरविंद, मनीष तथा आशा ज्ञान पुस्तकालय से जुड़े दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित