वाराणसी , अगस्त 29 -- भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम मंडलायुक्त सभागार में वाराणसी एवं आसपास के जनपदों में संचालित और प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में रामनगर स्थित बहु-मॉडल टर्मिनल को जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन से रेल संपर्क मार्ग के माध्यम से जोड़ने, सामने घाट पर क्रूज टर्मिनल के निर्माण, उत्कृष्टता केंद्र, बहु-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान परियोजनाओं से संबंधित भूमि अधिग्रहण, भूमि हस्तांतरण, राजस्व अभिलेखों के सत्यापन, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, आधारभूत संरचना के विकास तथा लंबित कार्यों की वर्तमान स्थिति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली गई।
अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी ने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाराणसी एवं पूर्वांचल क्षेत्र में जलमार्ग आधारित परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही रेल, सड़क और जल परिवहन के बेहतर समन्वय से बहु-मॉडल संपर्क व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाना आवश्यक है।
बैठक में विभिन्न संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में बहु-मॉडल परिवहन, माल ढुलाई एवं भंडारण व्यवस्था, जल पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के सदस्य (तकनीकी), मुख्य अभियंता, क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के निदेशक सहित वाराणसी, चंदौली और मीरजापुर जनपदों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित