वाराणसी , मार्च 10 -- धार्मिक नगरी काशी में देश-विदेश से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते हैं। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही यात्रियों को सवारी के लिए घेरने और जबरन दबाव बनाने वाले चार टैक्सी/ऑटो चालकों के खिलाफ फूलपुर पुलिस ने सोमवार शाम को कार्रवाई की है। पुलिस ने इन चारों चालकों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके दो वाहनों को जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार, एयरपोर्ट परिसर में टैक्सी एवं ऑटो चालकों की ओर से यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। अराइवल क्षेत्र में आने वाले यात्रियों को चारों ओर से घेरकर जबरन सवारी लेने के लिए दबाव बनाया जाता था, जिससे यात्रियों को असुविधा एवं असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था। कई यात्रियों ने शिकायत की कि सवारी लेने से मना करने पर चालक अभद्र व्यवहार करते थे तथा अनुचित भाषा का प्रयोग कर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करते थे।

कुछ चालक निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में खड़े होने के बजाय अराइवल लेन पर ही वाहन रोक देते थे और वहीं खड़े होकर यात्रियों को रोककर सवारी के लिए पकड़ने का प्रयास करते थे। इससे एयरपोर्ट परिसर में अनावश्यक भीड़ एकत्र हो जाती थी, यातायात व्यवस्था प्रभावित होती थी तथा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी।

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूर्व में पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) आकाश पटेल ने एयरपोर्ट पर टैक्सी/ऑटो चालकों के साथ बैठक की थी तथा उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए थे कि वे केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही रहें, अराइवल लेन पर न आएं, यात्रियों को न घेरें तथा किसी भी यात्री के साथ दुर्व्यवहार न करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित