वारंगल , अप्रैल 29 -- तेलंगाना के वारंगल में विभिन्न राजनीतिक दलों के लगभग 400 परिवार बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) में शामिल हो गये।
यहां जीके फंक्शन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में लक्ष्मीपुरम क्षेत्र के इन परिवारों ने भाकपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर भाकपा के प्रदेश सहायक सचिव टी श्रीनिवास राव ने विभिन्न दलों को छोड़कर पार्टी में सभी सदस्यों का स्वागत किया और गरीबों को आवासीय भूखंड देने में हो रही देरी पर सवाल उठाये। उन्होंने राज्य सरकार से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों के लिए जमीन आवंटित करने और 'इंदिरम्मा' आवास बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए श्री राव ने कहा कि कई गरीब परिवार वर्षों से आवास और बुनियादी सुविधाओं का इंतजार कर रहे हैं तथा उनकी समस्याओं का बिना किसी देरी के समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि भाकपा गरीबों के हक, विशेष रूप से आवास और भूमि के मालिकाना हक के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान सामूहिक संघर्षों के जरिये ही किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला और राज्य प्रतिनिधियों सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित